राजस्थान के प्रमुख शहरों में शामिल जोधपुर(Jodhpur) में एक बार फिर अपराधियों के बेखौफ होने का मामला सामने आया है। यहां कुछ बदमाशों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की सख्ती के दावों और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश गाड़ियों को तेज गति से चलाते हुए इलाके में डर का माहौल बनाते हैं। इसके बाद वे गाड़ियां रोककर खुलेआम हवाई फायरिंग करते नजर आते हैं। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना से पहले ही फरार हुए आरोपी
सूत्रों के मुताबिक यह मामला जोधपुर के डांगियावास थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध वाहन को जब्त किया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस कमिश्नरेट ने कई टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक मामला भी चल रहा है, जिसके चलते विवाद और गहरा गया। सूत्रों के मुताबिक, कापरड़ा निवासी प्रकाश और नैनो की ढाणी निवासी संजीव के बीच चली आ रही दुश्मनी के चलते यह हमला किया गया।
आरोपियों की तलाश तेज
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।