ओडिशा के नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए राजनाथ व भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक किया गया नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा के नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 78 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक अपने नेता का चयन नहीं किया है जो राज्य की बागडोर संभालेंगे।

भाजपा के ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर के अनुसार, पार्टी विधायक दल की बैठक मंगलवार को होगी और नयी सरकार 12 जून को शपथ लेगी। नवनिर्वाचित विधायक सुरेश पुजारी ने सोमवार को नयी दिल्ली से लौटने के बाद संवाददाताओं से कहा, “नवनियुक्त पर्यवेक्षकों राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में वरिष्ठ नेतागण विधायकों के साथ चर्चा करेंगे।”

ओडिशा के वरिष्ठ सांसद धर्मेंद्र प्रधान के केंद्र सरकार में मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद उनके राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने की संभावना क्षीण दिख रही है। अब सबकी नजरें ब्रजराजनगर क्षेत्र से विधायक सुरेश पुजारी पर हैं, जो सोमवार को नयी दिल्ली से लौटे।

पुजारी के अलावा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, के. वी. सिंह एवं मोहन माझी भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। पार्टी ने 12 जून को शपथ ग्रहण समारोह से पहले राज्य की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक रोड शो आयोजित करने का प्रस्ताव किया है।