पंजाब(Punjab) के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार की चार साल की उपलब्धियों का विवरण दिया और प्रदेश में चल रहे विभिन्न कार्यों और पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पंजाब में अपराध और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सफलता को भी साझा किया।
अपराध और तस्करी के खिलाफ सख्त कदम
CM मान ने बताया कि पुलिस ने पंजाब(Punjab) बॉर्डर से कुल 806 ड्रोन बरामद किए हैं। उन्होंने वेयरहाउस के डीएम के आत्महत्या मामले में कहा कि जिम्मेदार मंत्री का तुरंत इस्तीफा लिया गया और जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया, “जैसी सूचना मिली, वैसा कदम उठाया गया ताकि जांच प्रभावित न हो।”
नशा और हथियार तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तस्करों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। पुलिस थानों के आधुनिकीकरण का भी हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 450 पुलिस थानों में सभी थाना प्रभारियों को नई गाड़ियों से लैस किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही बेहतर हो।
सुरक्षित और निवेश के लिए आकर्षक है पंजाब
CM मान ने दावा किया कि पंजाब अन्य प्रदेशों की तुलना में कानून व्यवस्था के मामले में अधिक सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि निवेश और उद्योग को बढ़ावा देना कानून व्यवस्था की मजबूती का भी संकेत है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि टाटा स्टील ने 3200 करोड़ रुपए का प्लांट, जापानी कंपनी ने 1300 करोड़ का हॉर्टिकल्चर प्रोजेक्ट और डच कंपनी रॉयल्टी हाउस ने कैटल फीड में बड़ा निवेश किया है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में जेएसडब्ल्यू जिंदल स्टील का सबसे बड़ा कोटेड लाइन प्रोजेक्ट राजपुरा के पास स्थापित किया जा रहा है और अक्टूबर में एशिया कप की चैंपियनशिप भी जालंधर-मोहाली में आयोजित होने की संभावना है।
खेल, इवेंट और सड़क सुरक्षा
CM मान ने बताया कि 31 मार्च से आईपीएल पंजाब में शुरू होगा और राज्य में विभिन्न प्रकार के इवेंट नियमित रूप से हो रहे हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा को भी बेहतर बनाने के उपायों का जिक्र किया, जैसे सड़क सुरक्षा फोर्स के गठन से दुर्घटनाओं में कमी और सड़क पर लोगों की सुरक्षा की भावना में सुधार। CM मान ने कहा कि इन पहलों से न सिर्फ कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि पंजाब निवेशकों और नागरिकों के लिए और भी आकर्षक बन गया है।