पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) घरेलू T20 क्रिकेट लीग पंजाब प्रीमियर लीग का आयोजन करने के लिए तैयार है, इस लीग का आयोजन जून में किया जाएगा, इस बार इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर इसका आयोजन किया जाएगा जिसमें खिलाड़ियों को ऑक्शन के जरिए टीम में शामिल किया जाएगा। PCA ने प्रेस रिलीज़ कर जानकारी देते हुए बताया कि इस बार यह टूर्नामेंट नए नाम और नए फॉरमेट में खेला जाएगा, साथ ही इस लीग में केवल पंजाब-रजिस्टर्ड खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे।
इस बार लीग में भारत के इंटरनेशनल खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे जिनमें भारत के नंबर 1 T20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मार्की खिलाड़ियों (प्रमुख खिलाड़ी) के तौर पर शामिल किया जाएगा।
इनके अलावा, पंजाब के दूसरे अनुभवी खिलाड़ियों को भी मार्की नामों के तौर पर शामिल किया जा सकता है, जिनमें रमनदीप सिंह, नेहाल वढेरा, नमन धीर, अनमोलप्रीत सिंह और प्रभसिमरन सिंह शामिल हैं। युवा खिलाड़ी विहान मल्होत्रा, जो मौजूदा इंडिया अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं, भी इसमें शामिल होंगे।
सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ पंजाब के अंडर-23 खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिलेगा। स्टार खिलाड़ियों के अलावा, इस लीग में पंजाब के कई और उभरते हुए क्रिकेटर भी शामिल होंगे, जिन्होंने घरेलू और IPL लेवल पर अपनी पहचान बनाई है।
इस टूर्नामेंट में मयंक मारकंडे, अश्विनी कुमार, गुरनूर बराड़, हरनूर सिंह, रमन धीर और हरप्रीत बराड़ जैसे खिलाड़ी भी शामिल होंगे। सभी खिलाड़ियों का ड्राफ्ट होगा। कई खिलाड़ियों को अलग-अलग प्राइस स्लैब में रखा जाएगा, और टीमों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के लिए बोली लगाने का मौका मिलेगा।
इस बार पंजाब प्रीमियर लीग 2026 में छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी, जिसमें पंजाब के कई बड़े बिज़नेस हाउस और कॉर्पोरेट ग्रुप मालिकाना हक हासिल करने और राज्य की सबसे बड़ी घरेलू T20 लीग से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।

