सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, गृह मंत्री ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई प्रमुख नेताओं ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पटेल चौक पर आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू, धनखड़, शाह और अन्य नेताओं ने भारत के पहले गृह मंत्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

वहीं, इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “सरदार नहीं होते तो आज न तो हम यहां पर खड़े होते और न हीं ये भारत का मानचित्र होता। आजादी के बाद अंग्रेज इस देश को खंड़-खंड करके चले गए थे। सरदार पटेल न होते तो ये दिन भी नहीं होता। आजादी के अमृत महोत्सव के बाद आज का दिन पहला है. हमे संकल्प लेना है देश जब आजादी की शताब्दी मनाएगा तब पूरी दुनिया में भारत सर्वप्रथम होगा।”