Prayagraj fake RPF si case: प्रयागराज में रेलवे पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को आरपीएफ का दरोगा बताकर पिछले तीन महीनों से स्टेशन और ट्रेनों में घूम रहा था। आरोपी आरपीएफ की वर्दी पहनकर बिना टिकट ट्रेनों में सफर करता था और यात्रियों को डराकर उनसे वसूली भी करता था। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब जीआरपी की टीम ने प्लेटफार्म पर उससे पूछताछ की।
पूछताछ में बताया सच
जानकारी के मुताबिक, रविवार को जीआरपी थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रयागराज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को आरपीएफ की वर्दी पहने एक युवक दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उससे पहचान और तैनाती के बारे में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक घबरा गया और आखिरकार उसने सच्चाई कबूल कर ली।
परिवार वालों से बोला झूठ
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक वास्तव में आरपीएफ में तैनात नहीं है। उसने नौकरी न मिलने के कारण अपने परिवार वालों से झूठ बोल दिया था कि उसकी रेलवे में दरोगा के पद पर नियुक्ति हो गई है। इसी झूठ को सच साबित करने के लिए उसने आरपीएफ की वर्दी पहननी शुरू कर दी और रेलवे स्टेशन तथा ट्रेनों में घूमने लगा।
तीन महीनों से कर रहा बिना टिकट यात्रा
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब तीन महीनों से इसी तरह ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहा था। इतना ही नहीं, वह बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को खुद को आरपीएफ दरोगा बताकर डराता और उनसे पैसे भी वसूल करता था।
युवक के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से आरपीएफ की वर्दी, जूते, मोजे, 650 रुपये नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जीआरपी थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने इस दौरान कितने लोगों से वसूली की और वर्दी उसे कहां से मिली।
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।