निर्वाचन आयोग (ECI) ने चुनावी प्रक्रिया को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए असम, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को ‘डिजिटल टाइम वाउचर’ (Digital Vouchers) जारी किए हैं। इन वाउचर के जरिए पार्टियां अब दूरदर्शन और आकाशवाणी (AIR) पर बिना किसी शुल्क के अपना प्रचार प्रसारित कर सकेंगी।
किस अधिनियम के तहत दी जाती है सुविधा ?
आयोग के मुताबिक, यह सुविधा ‘जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951’ की धारा 39A के तहत दी जाती है, जिससे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को रेडियो और टीवी के माध्यम से जनता तक अपनी बात रखने का समान अवसर मिलता है। इस बार पूरी प्रक्रिया को आईटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल रूप दिया गया है, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं।
प्रचार के लिए निर्धारित समय उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होने के दिन से शुरू होकर मतदान से दो दिन पहले तक रहेगा। वहीं, किस पार्टी को कौन-सा समय स्लॉट मिलेगा, इसका फैसला राज्य स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और संबंधित दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लॉटरी (ड्रॉ) के जरिए किया जाएगा।
प्रत्येक नेटवर्क को मिलेगा 45 मिनट का मुफ्त समय
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक मान्यता प्राप्त पार्टी को दूरदर्शन और आकाशवाणी के क्षेत्रीय नेटवर्क पर 45-45 मिनट का प्रारंभिक मुफ्त समय दिया गया है। इसके अलावा, पिछली विधानसभा चुनावों में उनके प्रदर्शन के आधार पर अतिरिक्त समय भी आवंटित किया गया है।
राजनीतिक दलों को अपने प्रचार सामग्री की स्क्रिप्ट और रिकॉर्डिंग पहले से जमा करनी होगी और तय दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। रिकॉर्डिंग प्रसार भारती के तकनीकी मानकों के अनुरूप किसी मान्यता प्राप्त स्टूडियो या फिर सीधे दूरदर्शन/आकाशवाणी केंद्रों पर की जा सकती है।
विशेष बहस कार्यक्रम होंगे आयोजित
इसके साथ ही, प्रसार भारती की ओर से दूरदर्शन और आकाशवाणी पर विशेष पैनल चर्चा और बहस कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रत्येक पात्र दल एक प्रतिनिधि भेज सकता है, जिनका संचालन एक अनुभवी समन्वयक द्वारा किया जाएगा।
जहां तक चुनाव कार्यक्रम की बात है, असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान होगा। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल 2026 को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे-पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इन सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।