PM मोदी की मन की बात: अंगदान किसी को जीवन प्रदान करने का एक बहुत ही महत्वपूर्ण साधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” का आज 99वां संस्करण था। प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात के इस संस्करण में अंगदान की विशेषताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस दौर में अंगदान किसी को जीवन प्रदान करने का एक बहुत ही महत्वपूर्ण साधन बन गया है। ऐसा कहा जाता है कि जब कोई व्यक्ति मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करता है तो इससे आठ से नौ लोगों को नया जीवन मिलने की संभावना बनती है।

अंगदान किसी के जीवन के लिए रामबाण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संतोष की बात है कि आज देश में अंगदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है, 2013 में हमारे देश में अंगदान के मामले पांच हजार से भी कम थे, लेकिन 2022 में यह संख्या बढ़कर पंद्रह हजार से अधिक हो गई है। अंगदान के पीछे सबसे बड़ी भावना यही होती है कि जाते समय भी किसी की जान बचाई जाए। अंगदान का इंतजार करने वाले लोग जानते हैं कि इंतजार का एक-एक पल काटना कितना मुश्किल होता है।

हमारी नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति को लेकर कहा कि आज भारत की जो क्षमता एक नए दृष्टिकोण से उभर रही है, उसमें हमारी नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। हाल ही में ऐसे कई उदाहरण हमारे सामने आए हैं। उन्होंने “वंदे भारत” ट्रेन की पहली महिला लोको पायलट का जिक्र करते हुए कहा कि एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव एक और कीर्तिमान स्थापित करते हुए वन्देभारत की भी पहली महिला लोको पायलट बन गई हैं।