PM मोदी ने अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और सरकार के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें एक उत्कृष्ठ प्रशासक बताया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को 59 साल के हो गए। अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इतिहास रचते हुए 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की थी।

मोदी ने ‘ट्विटर’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं। वह भारत की प्रगति और गरीबों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करने को लेकर बेहद गंभीर हैं। उन्होंने एक उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई है और भारत के सुरक्षा तंत्र को बढ़ाने और सहकारी क्षेत्र को और विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। भाजपा को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय है। उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’