‘मन की बात’ में PM Modi ने कहा, ‘G-20 शिखर सम्मेलन में भारत ने अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत ने जी20 शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ को इस समूह का पूर्ण सदस्य बनाकर अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया है।

प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 105वीं कड़ी में देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए जी20 में ‘भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा’ बनाए जाने के भारत के सुझाव का भी उल्लेख किया और कहा कि आने वाले सैकड़ों वर्षों तक यह विश्व व्यापार का आधार बनेगा और इतिहास इस बात को हमेशा याद रखेगा कि इसका सूत्रपात भारत की धरती पर हुआ।

मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ के इस संस्करण के दौरान उन्हें चंद्रयान-3 की सफलता और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जी20 के सफल आयोजन के बारे में देश के हर हिस्से और समाज के हर वर्ग व उम्र के लोगों के ‘अनगिनत’ पत्र मिले।

उन्होंने कहा, ‘‘जब चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा पर उतरने वाला था, तब करोड़ों लोग अलग-अलग माध्यमों से इस घटना के पल-पल के साक्षी बनें। इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) के यू-ट्यूब चैनल पर 80 लाख से ज्यादा लोगों ने इस घटना को देखा। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इससे पता चलता है कि चंद्रयान-3 से करोड़ों भारतीयों का कितना गहरा लगाव है।’’

उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता पर सरकार की ओर से आयोजित ‘क्विज’ (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता का भी जिक्र किया और देशवासियों से इससे जुड़ने की अपील की।