गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, डिफेंस एक्सपो 2022 का किया उद्घाटन, बोले- डिफेंस एक्स्पो में सिर्फ भारतीय कंपनियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक बार फिर अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी ने आज बुधवार सुबह राजधानी गांधीनगर में डिफेंस एक्सपो 2022 का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह एक नई शुरुआत का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गांधीनगर में मिशन डेफस्पेस का उद्घाटन और 52 विंग वायु सेना स्टेशन डीसा का शिलान्यास किया। डिफेंस एक्स्पो के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में डिफेंस एक्स्पो पहले भी होते रहे हैं, लेकिन इस बार का डिफेंस एक्स्पो अभूतपूर्व है। एक नई शुरुआत का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि ये डिफेंस एक्स्पो भारत के प्रति वैश्विक विश्वास का प्रतीक भी है। इतने सारे देशों की उपस्थिति के जरिए, विश्व का बहुत बड़ा सामर्थ्य गुजरात की इस धरती पर जुट रहा है।

उन्होंने कहा कि ये देश का ऐसा पहला डिफेंस एक्स्पो है जिसमें केवल भारतीय कंपनियां ही भाग ले रही हैं, केवल मेड इन इंडिया रक्षा उपकरण ही हैं। उन्होंने कहा कि डिफेंस एक्स्पो-2022 का ये आयोजन नए भरत की ऐसी भव्य तस्वीर खींच रहा है, जिसका संकल्प हमने अमृतकाल में लिया है।

इसमें राष्ट्र का विकास भी है, राज्यों का सहभाग भी है. इसमें युवा शक्ति भी है, युवा सपने भी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें युवा संकल्प भी है, युवा सामर्थ्य भी है। इसमें विश्व के लिए उम्मीद भी है, मित्र देशों के लिए सहयोग के अवसर भी हैं।