प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) ने मंगलवार को गुजरात को करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, साथ ही एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधा। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से पूरे इलाके में विकास की रफ्तार तेज होगी और लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने वाव-थराद और बनासकांठा क्षेत्र से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने मिशन मोड में यहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाया।
डीसा एयरबेस का किया जिक्र
प्रधानमंत्री(PM Modi) ने बताया कि इस दौरे के दौरान उनका विमान पहली बार सीधे डीसा एयरबेस पर उतरा, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 130 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि यह एयरबेस देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि इस परियोजना की नींव उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही रखी गई थी, जब इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
रिन्यूएबल एनर्जी में गुजरात की बड़ी छलांग
पीएम मोदी ने गुजरात को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बताते हुए कहा कि राज्य जल्द ही इस सेक्टर में वैश्विक स्तर पर पहचान बनाएगा। उन्होंने 2010 में शुरू किए गए सारंगपुर के सोलर पार्क का जिक्र करते हुए कहा कि वहीं से देश में सौर ऊर्जा क्रांति की शुरुआत हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क जैसी परियोजनाएं गुजरात को दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन एनर्जी हब में बदलने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी। पीएम मोदी के मुताबिक, इन सभी पहलों से न सिर्फ राज्य का विकास होगा, बल्कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी बड़ा योगदान मिलेगा।