प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) ने शुक्रवार को बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा और वहां की जनता को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हाल में हुए हमलों की कड़ी निंदा भी की।
टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बहरीन के राजा के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने ईद के अवसर पर बहरीन की जनता को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में जारी तनाव को लेकर चिंता भी व्यक्त की।
समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा और नागरिक ढांचे पर हमलों के गंभीर वैश्विक प्रभाव पड़ सकते हैं। उन्होंने खास तौर पर खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर इनके असर को रेखांकित किया। साथ ही, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया, क्योंकि यह वैश्विक व्यापार और स्थिरता के लिए बेहद अहम है।
शिपिंग लाइनों को लेकर क्या बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने दोहराया कि शिपिंग लाइनों को खुला और सुरक्षित रखना समय की मांग है। उन्होंने बहरीन में रह रहे भारतीय समुदाय को मिल रहे सहयोग के लिए वहां के नेतृत्व का आभार भी जताया।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बाद हालात और बिगड़े हैं। इसके जवाब में ईरान द्वारा खाड़ी देशों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में अस्थिरता और गहराई है।