PM Modi ने लक्षद्वीप का किया दौरा, पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लक्षद्वीप का दौरा किया इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पिछले 10 वर्षों में लक्षद्वीप द्वीप समूह में कई विकास परियोजनाएं पूरी हुई हैं और केंद्र द्वीपों की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है।

पीएम ने यहां अगाती हवाई अड्डे पर पहुंचने के तुरंत बाद एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान, लक्षद्वीप में मौजूद अपार संभावनाओं का उल्लेख किया और आरोप लगाया कि आजादी के बाद कई वर्षों तक द्वीपों को उपेक्षा का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेश कई संभावनाओं से भरा है, लेकिन आजादी के बाद लंबे समय तक लक्षद्वीप के बुनियादी ढांचे पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया।” पीएम ने जहाजरानी को द्वीपों की जीवन रेखा होने की ओर ध्यान दिलाते हुए कमजोर बंदरगाह बुनियादी ढांचे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह बात शिक्षा, स्वास्थ्य और यहां तक कि पेट्रोल-डीजल पर भी लागू होती है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘भले ही शिपिंग द्वीपसमूह की जीवन रेखा है, लेकिन बंदरगाह का बुनियादी ढांचा कमजोर है। चाहे वह स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो, या यहां तक ​​कि पेट्रोल और डीजल हो, हमें बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इन सभी चुनौतियों का समाधान हमारी सरकार द्वारा किया जा रहा है।’’