मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत में पेट्रोलियम कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों(Petrol Prices) में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। हालांकि, सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतें पहले की तरह ही बनी हुई हैं और उन पर अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह नई दरें 20 मार्च की रात से लागू हो जाएंगी।
कितने रुपये बढ़ें दाम ?
BPCL का ‘स्पीड’, HPCL का ‘पावर’ और IOCL का ‘एक्सपी95’ जैसे प्रीमियम पेट्रोल अब प्रति लीटर लगभग 2.09 रुपये महंगा हो गया है। IOCL के कुछ स्टेशन पर XP95 प्रीमियम पेट्रोल फिलहाल 101.80 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध है। कई जगहों पर इसकी कीमत पहले 111.68 रुपये थी, जो अब बढ़कर 113.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
इस बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रीमियम पेट्रोल 103.92 रुपये और पुणे में 113.17 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। सामान्य पेट्रोल की कीमतों पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है। दिल्ली में यह 94.77 रुपये, गुजरात में 94.49 रुपये, हरियाणा में 95.91 रुपये, पश्चिम बंगाल में 106.72 रुपये, झारखंड में 98.38 रुपये और केरल में 106.08 रुपये प्रति लीटर है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रीमियम पेट्रोल की इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने का असर है। वहीं, देश में पहले से जारी एलपीजी संकट और रुपये में गिरावट ने आम लोगों की जेब पर दबाव और बढ़ा दिया है। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पहली बार 93 के स्तर से नीचे चला गया।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर भी पेट्रोल की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले जारी हैं और ईरान की जवाबी कार्रवाई से यह संघर्ष फिलहाल शांत होने की बजाय और लंबा होता दिख रहा है। ऐसे में तेल की बढ़ती कीमत और कमजोर होती मुद्रा सीधे तौर पर महंगाई को बढ़ावा दे रही हैं और आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल रही हैं।