भाजपा ने हरियाणा में मुख्यमंत्री का चेहरा बदला, जनता सरकार बदलेगी: डॉ. सुशील गुप्ता

भाजपा ने हरियाणा में मुख्यमंत्री का चेहरा बदला, जनता सरकार बदलेगी: डॉ. सुशील गुप्ता

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को लाडवा विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा शुरू की।

इस मौके पर विधायक मेवा सिंह, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, अमरीक सिंह, नायब सिंह, अमन गुप्ता, डॉ. मनीष यादव, हरप्रीत चीमा, गुरदेव सुरा, जगदीप कौर, गुलशन शर्मा, सुभाष, गुरप्रीत सैनी और संदीप वाल्मीकि मौजूद रहे।

उन्होंने अपनी चुनावी यात्रा श्री जयराम आश्रम केबीडी ऑफिस ब्रह्मसरोवर से शुरू की। इसके बाद वे गांव जंधेड़ा में लोगों से मिले। वहां से छलौंदी में ग्रामीणों से रूबरू हुए।

इसके बाद बनी गांव में पहुंचे, जहां उन्हें लड्डुओं से तोला गया और पूर्व विधायक के यहां जलपान किया। यहां से गांव बदरपुर, गांव बन, गांव बुढ़ा, बपदी, बपदा, बडौंला, भूत माजरा और गांव समालखा पहुंचकर लोगों को संबोधित किया और आशीर्वाद लिया।

इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों और महिलाओं का आशीर्वाद लिया और “इंडिया” गठबंधन को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। यात्रा का समापन शाम को लाडवा के वार्ड-14 में हुआ।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा लोग सोच रहे हैं कि एक दूसरे का विरोध करने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन कैसे हुआ। यह गठबंधन भारत का संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बना है।

उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में धर्मार्थ कार्यों से जुड़ा रहा हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा।

उन्होंने कहा कि मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी।