ओडिशा नाव हादसा: नौका पलटने के मामले में दो लोग गिरफ्तार

ओडिशा पुलिस ने झारसुगुडा जिले में महानदी नदी में नौका पलटने से हुई आठ लोगों की मौत के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

झारसुगुडा के पुलिस अधीक्षक परमार स्मित परषोत्तमदास ने बताया, “हमने शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उन्हें अदालत के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया है।’’

उन्होंने बताया कि औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के अंजोरीपाली गांव के रहने वाले मृतकों के शव उनके परिवार को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घायल लोगों को भी छत्तीसगढ़ के स्थानीय प्रशासन की मदद से घर भेज दिया गया है।

झारसुगुडा जिले के मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) लोकनाथ मेहर ने शनिवार को कहा था कि नाव पंजीकृत नहीं थी और उसे चलाने के लिहाज से अनुपयुक्त माना गया था।

मेहर ने कहा, ‘‘केवल 20 लोगों के सवार होने की क्षमता रखने वाली इस नाव में 50 से अधिक लोग सवार थे जिसके परिणामस्वरूप शुक्रवार दोपहर को यह दुर्घटना हुई।’’