Thursday, March 5, 2026
Home Current News नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया दाखिल, अमित शाह और...

नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया दाखिल, अमित शाह और कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

Nitish Kumar
Advertisement

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किए जाने के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। शहर के पुरानी बाजार, अघोरिया बाजार और Langat Singh College के आस-पास लोग इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रख रहे हैं।

नीतीश कुमार के 2005 से 2026 तक के लगभग दो दशक के शासनकाल को लेकर लोग अलग-अलग नजरिए से चर्चा कर रहे हैं। कुछ इसे बिहार की राजनीति में एक लंबा और स्थिर दौर मान रहे हैं, तो कुछ इसे आगामी बदलावों की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।

व्यापारी और स्थानीय लोगों का क्या है कहना ?

पुरानी बाजार के व्यवसायी विपिन कुमार का कहना है कि 2005 में जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभाली थी, तब राज्य की स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी। उनके अनुसार सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार ने आम लोगों के जीवन को सीधे प्रभावित किया। अघोरिया बाजार में चाय की दुकान पर बैठे नीरज पांडेय का मानना है कि नीतीश कुमार का लंबा कार्यकाल बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।

उनके अनुसार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना राजनीतिक रूप से एक नए चरण की ओर संकेत करता है। सामाजिक कार्यकर्ता अशोक मिश्रा कहते हैं कि इतने लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने के कारण नीतीश कुमार की पहचान बिहार की राजनीति से गहराई से जुड़ गई है। उनके इस कदम को लोग स्वाभाविक रूप से बड़े राजनीतिक बदलाव के रूप में देख रहे हैं।

छात्रों ने क्या कहा ?

Langat Singh College के बाहर छात्रों के बीच भी राज्यसभा नामांकन को लेकर चर्चा देखी गई। छात्र रिंकू गुप्ता का कहना है कि युवा वर्ग राज्य की राजनीति में नई सोच और ऊर्जा देखना चाहता है। वहीं शिवनाथ सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में कई योजनाएं शुरू हुईं, जिनका असर आज भी नजर आता है। उनके अनुसार अब राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल होने के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें : गाजियाबाद पहुंचे CM योगी, RSS-BJP समन्वय बैठक में हुए शामिल…