मुंबई, गोवा और कश्मीर समेत देशभर में नए साल का जश्न

महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ लोगों ने जश्न मनाते हुए नववर्ष 2024 का स्वागत किया।

राजधानी मुंबई में हजारों की संख्या में लोग रविवार रात गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी और अन्य स्थानों पर एकत्र हुए और नये साल का जश्न मनाया। कई लोगों ने प्रसिद्ध सिद्धिविनायक और मुंबादेवी मंदिरों और गिरजाघरों सहित धार्मिक स्थानों में जाकर नया साल मनाया।

महाराष्ट्र के ठाणे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रात में रक्तदान शिविर में हिस्सा लेकर नये साल का स्वागत किया। उन्होंने इस अवसर पर लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, तटीय राज्य गोवा में आधी रात को गिरजाघरों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रार्थना की। इसके अलावा समुद्र तटों पर उमड़े हजारों पर्यटकों की मौजूदगी में राज्य के लोगों ने नए साल का जश्न मनाया।

जम्मू-कश्मीर में दिखा नए साल का जश्न

वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी नये साल का जश्न देखने को मिला। श्रीनगर में शून्य से नीचे तापमान होने के बावजूद सैकड़ों स्थानीय लोग और पर्यटक नए साल की पूर्व संध्या पर लाल चौक के प्रतिष्ठित घंटा घर पर पहुंचे। जैसे ही 2023 में आखिरी बार सूरज डूबा, नवीनीकृत घंटा घर चौराहा नए साल के जश्न के साथ जीवंत होना शुरू हो गया।