HomeBreaking Newsतेल के बाद अब ‘बिजली युद्ध’ का खतरा, ईरान की खाड़ी देशों...

तेल के बाद अब ‘बिजली युद्ध’ का खतरा, ईरान की खाड़ी देशों को खुली चेतावनी, अमेरिकी ठिकानों को सप्लाई की तो होंगे हमले

Middle East Tension: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, जहां जंग का केंद्र तेल से आगे बढ़कर बिजली तक जा पहुंचा है। ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उसके बिजली संयंत्रों पर हमला किया गया, तो वह उन सभी क्षेत्रीय देशों के पावर प्लांट्स को निशाना बनाएगा जो अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ऊर्जा आपूर्ति कर रहे हैं।

ट्रंप ने तेहरान को 48 घंटे का दिया है अल्टीमेटम 

यह बयान ऐसे समय आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। ट्रंप ने कहा था कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण नहीं छोड़ा गया, तो अमेरिकी सेना ईरान के बिजली ढांचे को निशाना बना सकती है। यह समय सीमा मंगलवार आधी रात के करीब समाप्त हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता और तनाव बढ़ गया है।

ईरान का कड़ा रुख

ईरान की ओर से जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि वह किसी भी हमले का उसी स्तर पर जवाब देगा। तेहरान ने कहा कि अगर उसके पावर प्लांट्स को निशाना बनाया गया, तो जवाब में उन देशों के बिजली संयंत्रों, औद्योगिक ढांचे और ऊर्जा सुविधाओं पर हमला किया जाएगा जहां अमेरिकी हित जुड़े हैं।

बिजली के मुद्दे पर ईरान ने अपनाया सख्त रुख 

ईरान ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर पहले अस्पतालों, राहत केंद्रों और स्कूलों पर हमले किए गए, लेकिन उसने जवाबी कार्रवाई में इन ठिकानों को निशाना नहीं बनाया। हालांकि, अब बिजली के मुद्दे पर उसने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि “अगर आप बिजली पर हमला करेंगे, तो हम भी बिजली पर ही हमला करेंगे।”

खाड़ी देशों पर बड़ा खतरा

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह चेतावनी केवल सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि खाड़ी क्षेत्र की बुनियादी जीवन रेखा को प्रभावित कर सकती है। कई खाड़ी देशों में बिजली संयंत्रों के साथ ही समुद्री जल को पीने योग्य बनाने वाले डिसेलिनेशन प्लांट भी जुड़े होते हैं। ऐसे में बिजली ढांचे पर हमले का मतलब पानी की भारी किल्लत और मानवीय संकट भी हो सकता है।

वैश्विक बाजार पर असर

पहले से जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है। तेल और गैस की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। यदि बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया जाता है, तो इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर और गहरा हो सकता है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा।

ऊर्जा संसाधनों पर सीधा खतरा मंडरा रहा

मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति अब बेहद संवेदनशील हो चुकी है। एक ओर सैन्य तनाव बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर ऊर्जा संसाधनों पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। आने वाले कुछ घंटे यह तय करेंगे कि कूटनीति हालात को संभाल पाएगी या फिर क्षेत्र एक नई तरह की ऊर्जा जंग की ओर बढ़ेगा।

Read More:

‘कोई भी देश इस मुसीबत से नहीं बचेगा’, जंग के बीच वैश्विक ऊर्जा संकट पर IEA प्रमुख ने दुनिया को दी बड़ी चेतावनी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments