Air India Flight: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का सीधा असर अब हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई देने लगा है। एयर इंडिया ने पिछले तीन हफ्तों में करीब 2,500 उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन के सीईओ Campbell Wilson ने कर्मचारियों को दी जानकारी में बताया कि मौजूदा हालात के कारण कंपनी इस क्षेत्र में अपनी सामान्य उड़ानों का सिर्फ लगभग 30 प्रतिशत ही संचालन कर पा रही है। उन्होंने कहा कि कई एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र या तो बंद हैं या सुरक्षा कारणों से जोखिम भरे माने जा रहे हैं, जिसके चलते उड़ानों को रद्द करना पड़ रहा है। यह संकट केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर वैश्विक एविएशन इंडस्ट्री पर भी पड़ रहा है।
महंगा ईंधन और बढ़ता आर्थिक दबाव
सीईओ के अनुसार, युद्ध के चलते जेट फ्यूल की कीमतों में भारी उछाल आया है और यह पहले की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा हो चुका है। इससे एयरलाइन का परिचालन खर्च काफी बढ़ गया है। इसी दबाव को कम करने के लिए एयर इंडिया ने नए टिकटों पर फ्यूल चार्ज बढ़ा दिया है, जिससे यात्रियों को महंगे किराए का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बढ़े हुए किराए का असर यात्रियों की संख्या पर पड़ सकता है, क्योंकि हर यात्री अधिक भुगतान करने के लिए तैयार नहीं होता।
यूरोप और अमेरिका रूट पर भी असर
ईरान में चल रहे संघर्ष के कारण यूके, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका जाने वाली उड़ानों को अब लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इससे उड़ान का समय बढ़ गया है और ईंधन की खपत भी ज्यादा हो रही है। हालांकि, कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर नई मांग भी सामने आ रही है, जहां एयर इंडिया अपनी सेवाएं बढ़ाने की कोशिश कर रही है, जबकि कई अन्य एयरलाइंस लागत बढ़ने के कारण अपनी उड़ानें घटा रही हैं।
कर्मचारियों को सुरक्षा और सहयोग का संदेश
Campbell Wilson ने कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस चुनौतीपूर्ण समय में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और गैर-जरूरी खर्चों को कम करें। उन्होंने उन कर्मचारियों की सराहना भी की जो प्रभावित क्षेत्रों में काम करते हुए बदलते हालात के अनुरूप सेवाएं संभाल रहे हैं। उन्होंने माना कि मौजूदा परिस्थितियों में उड़ानों का शेड्यूल लगातार बदल रहा है, लेकिन कर्मचारियों के सहयोग और सतर्कता से एयर इंडिया इस मुश्किल दौर से उबरने की कोशिश कर रही है।
Read More:
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत अलर्ट, पेट्रोल-डीजल और LPG सप्लाई पर आया बड़ा अपडेट

