1 मार्च 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में LPG(LPG cylinder) सिलेंडर से लेकर ATF दामों और अन्य चीजों से जुड़े कई अहम नियमों और कीमतों में बदलाव लागू हो गए हैं। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी कई ऐसे फैसले प्रभावी हुए हैं, जिनका असर सीधे तौर पर घर के बजट और जेब पर पड़ने वाला है। रसोई गैस से लेकर हवाई यात्रा और मोबाइल सिम तक, कई क्षेत्रों में परिवर्तन देखने को मिला है।
LPG सिलेंडर हुआ महंगा
तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी(LPG cylinder) सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। 1 मार्च से 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 28 रुपये बढ़कर 1768.50 रुपये हो गई है।
कोलकाता में यह 1875.50 रुपये, मुंबई में 1720.50 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये पर पहुंच गया है। पिछले महीने भी कीमतों में वृद्धि हुई थी, ऐसे में लगातार बढ़ोतरी से व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट कारोबार पर असर पड़ सकता है। हालांकि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ATF की कीमतों में इजाफा
मार्च के पहले दिन हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में एटीएफ का भाव बढ़कर 96,638.14 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है। कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी नई दरें लागू हो गई हैं। हवाई ईंधन महंगा होने का सीधा असर एयरलाइंस की लागत पर पड़ता है, जिससे आने वाले समय में हवाई टिकटों के दाम बढ़ सकते हैं।
सिम-बाइंडिंग नियम लागू
मोबाइल यूजर्स के लिए भी 1 मार्च से एक अहम बदलाव लागू किया गया है। दूरसंचार विभाग (DoT) के निर्देशानुसार अब मैसेजिंग ऐप्स को सक्रिय सिम से लिंक करना अनिवार्य किया गया है। यदि संबंधित सिम फोन में मौजूद नहीं है, तो व्हाट्सएप या टेलीग्राम जैसे ऐप्स का उपयोग सीमित हो सकता है। इस कदम का उद्देश्य डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करना बताया जा रहा है।
मार्च में बैंक अवकाश की भरमार
मार्च महीने में कई त्योहारों के कारण बैंकिंग सेवाएं कई दिनों तक प्रभावित रहेंगी। होली, ईद, राम नवमी, महावीर जयंती और गुढ़ी पड़वा जैसे अवसरों पर अवकाश रहेगा। रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार को मिलाकर इस महीने कुल 18 दिन बैंक बंद रह सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को अपने जरूरी काम पहले से निपटाने की सलाह दी जा रही है।