टीवी का पॉपुलर एंटरटेनमेंट शो लाफ्टर शेफ्स सीजन 3 इन दिनों दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहा है। शो में अली गोनी, करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन जैसे सितारे नजर आ रहे हैं। कुकिंग और कॉमेडी के अनोखे मेल ने इस शो को खास बना दिया है, जिसकी वजह से इसकी टीआरपी भी लगातार मजबूत बनी हुई है।
मेकर्स हर हफ्ते किसी न किसी खास मेहमान को शो में आमंत्रित करते हैं, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ जाता है। इसी कड़ी में इस हफ्ते 90 के दशक की मशहूर अदाकारा ममता कुलकर्णी शो में बतौर गेस्ट नजर आने वाली हैं। हाल ही में उन्हें शो के सेट पर स्पॉट किया गया, जहां उनकी मौजूदगी ने सबका ध्यान खींच लिया।
24 साल बाद टीवी पर वापसी
ममता कुलकर्णी करीब 24 साल बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। लंबे समय से ग्लैमर इंडस्ट्री से दूर रहीं अभिनेत्री को इस बार एक नए अंदाज में देखा गया। खास बात यह रही कि वह अपने पारंपरिक साध्वी लुक में नहीं, बल्कि लाल रंग की साड़ी में नजर आईं, जिससे उनका बदला हुआ रूप चर्चा का विषय बन गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के सेट के बाहर पैपराजी से बातचीत करते हुए ममता ने अपनी वापसी को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे अंतराल के बाद टीवी पर लौटना उनके लिए खास अनुभव है। उनका मानना है कि आज की भागदौड़ भरी और गंभीर जिंदगी में हंसी की बहुत जरूरत है, और यह शो लोगों को हंसने और खुश रहने का मौका देता है। उनके मुताबिक, जब कुकिंग और कॉमेडी साथ हो, तो मनोरंजन दोगुना हो जाता है।
आखिरी फिल्म और फिल्मी सफर
ममता कुलकर्णी आखिरी बार साल 2002 में रिलीज हुई फिल्म कभी तुम कभी हम में दिखाई दी थीं। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और हाल के वर्षों में आध्यात्मिक जीवन की राह अपनाई।
अपने करियर में उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया, जिनमें करण अर्जुन, वक्त हमारा है, क्रांतिवीर, सबसे बड़ा खिलाड़ी, आंदोलन, बाज़ी, चाइना गेट और छुपा रुस्तम: ए म्यूजिकल थ्रिलर जैसी फिल्में शामिल हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘लाफ्टर शेफ्स’ में उनकी मौजूदगी शो में कितना नया रंग भरती है और दर्शक उनकी इस वापसी को किस तरह से अपनाते हैं।