मार्च का महीना अब खत्म होने की ओर है और जल्द ही अप्रैल की शुरुआत होने वाली है। नए महीने के साथ ही बैंकिंग नियमों में भी कुछ अहम बदलाव लागू किए जा रहे हैं। 1 अप्रैल से देश के कई बैंकों द्वारा ATM ट्रांजैक्शन से जुड़े नियमों(ATM Rules) में बदलाव किया जाएगा, जिसका सीधा असर ग्राहकों की फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट और कैश निकासी पर लगने वाले चार्ज पर पड़ेगा।
नए नियमों के मुताबिक, अब ATM से UPI के जरिए की गई कैश निकासी को भी आपकी फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट में शामिल किया जाएगा। यानी अगर आप पहले से निर्धारित मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा पार करते हैं, तो हर अतिरिक्त लेन-देन पर आपको शुल्क देना पड़ सकता है।
जेब पर कितना असर पड़ेगा?
पहले कई बैंक UPI के जरिए ATM से कैश निकालने को अलग कैटेगरी में रखते थे, लेकिन अब इसे आपकी मासिक फ्री लिमिट का हिस्सा माना जाएगा। HDFC Bank और Punjab National Bank जैसे बैंकों ने इन नए नियमों को लागू करने की घोषणा की है।
ऐसे में यदि आप तय सीमा से ज्यादा बार ATM से पैसे निकालते हैं, तो हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर करीब 23 रुपये तक का चार्ज देना पड़ सकता है। वर्तमान में, बैंक अपने ATM से महीने में 5 बार मुफ्त कैश निकासी की सुविधा देते हैं। वहीं, दूसरे बैंकों के ATM से मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 बार मुफ्त निकासी की अनुमति होती है।
UPI से कैश निकालना हुआ आसान
UPI के जरिए ATM से कैश निकालना काफी सुविधाजनक है। इसके लिए आपको डेबिट कार्ड की जरूरत नहीं होती। बस ATM स्क्रीन पर दिख रहे QR कोड को स्कैन करना होता है और अपने UPI ऐप के माध्यम से ट्रांजैक्शन को कन्फर्म करना होता है। डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए कई बैंक इस सुविधा को तेजी से अपना रहे हैं।
डेली कैश विदड्रॉल लिमिट में भी बदलाव
Punjab National Bank ने अपने कुछ डेबिट कार्ड्स पर रोजाना कैश निकालने की सीमा में कटौती करने का फैसला भी लिया है। हालांकि बैंक ने इसकी पूरी जानकारी अभी साझा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि यह लिमिट करीब 50% तक घटाई जा सकती है।
बैंक ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने कार्ड से जुड़े नियमों की जांच कर लें और बड़े लेन-देन के लिए UPI या नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके।