अमृतसर में पूर्व कांग्रेस पार्षद के भतीजे को गोली लगने के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला सच सामने आया है। शुरुआत में जिस घटना को बाहरी हमलावर की फायरिंग बताया जा रहा था, अब वह एक हादसा निकला है।
ACP शिव दर्शन ने बुधवार सुबह नया बयान जारी कर स्पष्ट किया कि यह कोई हमला नहीं, बल्कि लापरवाही से हुई घटना थी। यह मामला 17 मार्च की रात करीब 11 बजे छेहरटा इलाके का है। घायल युवक सागर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि अब उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
परिवार ने किया था हमले का दावा
प्रारंभिक जानकारी में परिवार ने दावा किया था कि सागर अपनी बहन के साथ घर के बाहर कुत्तों को खाना खिला रहा था, तभी स्कूटी सवार अज्ञात युवक ने उस पर गोली चला दी और फरार हो गया। इस दावे के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और इसे हमला माना जा रहा था।
लेकिन पुलिस की गहन जांच में कहानी पूरी तरह बदल गई। जांच के दौरान पता चला कि सागर अपने चाचा के बेटे के लाइसेंसी पिस्टल को देख रहा था। उसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे उसके पेट में जा लगी।
ACP ने बताई असली सच्चाई
ACP ने बताया कि परिवार ने घबराहट में पहले गलत बयान दिया था, जिससे मामला हमले का लग रहा था। अब साफ हो गया है कि इसमें किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ नहीं है। घटना के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकुमार वेरका भी अस्पताल पहुंचे और परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार की आलोचना की और कहा कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हथियार के इस्तेमाल और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Kedarnath Badrinath: जल्द शुरू होने वाली चारधाम यात्रा से पहले एक अहम निर्णय लेते हुए बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर...