पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत सरकार देश में रसोई गैस(LPG cylinder) की आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हालांकि, लोगों के बीच यह आशंका फैल गई है कि अगर गैस सिलेंडर खत्म हो गया तो नया सिलेंडर मिलना मुश्किल हो सकता है। इसी डर के चलते कई उपभोक्ता जल्दबाजी में सिलेंडर बुक करा रहे हैं, जिसके कारण कई गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
इस बीच घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए सरकार ने कुछ समय के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर सीमा तय कर दी थी। इसके चलते बड़े होटलों, ढाबों, ठेला लगाने वाले कारोबारियों और शादी के सीजन में कैटरिंग से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कमर्शियल एलपीजी को लेकर राहत की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि भारतीय ध्वज के साथ दो जहाज-शिवालिक और नंदा देवी-समुद्री मार्ग से एलपीजी की बड़ी खेप लेकर भारत की ओर आ रहे हैं, जिससे आपूर्ति और मजबूत होगी।
कमर्शियल LPG की सप्लाई फिर से शुरू
पेट्रोलियम मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को जानकारी दी कि देश के सभी 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई है। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए पूरे देश में छापेमारी और औचक निरीक्षण भी तेज कर दिए गए हैं।
संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है, लेकिन अफवाहों और घबराहट की वजह से सिलेंडर बुकिंग में अचानक तेजी आई है।
पेट्रोल-डीजल की भी पर्याप्त भंडार
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है और देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। इसके कारण देशभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन खत्म होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
डिजिटल माध्यम से करें गैस बुकिंग
अधिकारियों ने बताया कि खाड़ी देशों से ऊर्जा आपूर्ति में संभावित बाधाओं के बावजूद सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और घरेलू एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। सुजाता शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस सिलेंडर बुक करने के लिए डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करें।
इसके लिए IVRS, SMS, व्हाट्सऐप बुकिंग और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के मोबाइल ऐप जैसी सेवाएं पहले से उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सिलेंडर बुक करने के लिए गैस एजेंसी पर जाकर लाइन में लगने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पहले की तरह ही होम डिलीवरी की सुविधा जारी रखेंगी। इसलिए लोगों को किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट में आने की जरूरत नहीं है।