Air Canada Express Plane Truck Collide: न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जब एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर खड़े दमकल वाहन से टकरा गया। इस टक्कर में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
रनवे पर हुआ हादसा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब विमान एयरपोर्ट पर मूवमेंट में था और अचानक खड़े फायर ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान का फ्रंट हिस्सा गंभीर रूप से टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उड़ानें पूरी तरह रोकी गईं
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने इस घटना के बाद तुरंत ग्राउंड स्टॉप का आदेश जारी किया। इसका मतलब है कि फिलहाल इस एयरपोर्ट से कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी टेकऑफ पर रोक लगा दी गई है।
विमानों को डायवर्ट किया गया
हादसे के बाद ला गार्डिया एयरपोर्ट पर लैंडिंग भी रोक दी गई है। जो विमान इस एयरपोर्ट की ओर आ रहे थे, उन्हें दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ा जा रहा है। इस दौरान कई यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के तुरंत बाद हादसे के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। इनमें विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से और मौके पर मौजूद आपातकालीन टीमों को देखा जा सकता है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
ला गार्डिया एयरपोर्ट पर इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। अक्टूबर 2025 में टैक्सीवे पर डेल्टा एयरलाइन्स के दो विमान आपस में टकरा गए थे। वहीं, अक्टूबर 2016 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार माइक पेंस को ले जा रहा विमान रनवे से फिसलकर घास में चला गया था।
चुनौतीपूर्ण माना जाता है एयरपोर्ट
ला गार्डिया एयरपोर्ट को पायलटों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है। यह एयरपोर्ट चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है और इसका रनवे अपेक्षाकृत छोटा है। ऐसे में यहां टेक ऑफ और लैंडिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है।
Read More:
मथुरा बवाल में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो दर्जन उपद्रवी गिरफ्तार, दक्ष चौधरी समेत कई आरोपी भेजे गए जेल

