दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल(Delhi Police Special Cell) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के तहत उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर-आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 18 वर्षीय हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स के साथ हुई चैट, फोटो और वीडियो बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, उसके पास से ‘TTH’ लिखा हुआ काला स्प्रे पेंट भी मिला है, जिसका इस्तेमाल वह ग्रैफिटी करने में करता था।
पाकिस्तानी आकाओं को भेजता था वीडियो
पुलिस के मुताबिक, हरमनदीप ने पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा इलाके में तीन अलग-अलग जगहों पर ‘TTH’ ग्रैफिटी लिखी थी। वह इन हरकतों के वीडियो बनाकर अपने पाकिस्तानी आकाओं को भेजता था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान से युवाओं की भर्ती की जा रही थी। उन्हें पैसे और विदेश, खासकर दुबई भेजने का लालच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, रामपुर में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला करने की साजिश भी रची गई थी, जिसे गिरफ्तारी के बाद नाकाम कर दिया गया।
शहजाद भट्टी के विदेशी सहयोगियों से था संपर्क
आगे की जांच में यह बात भी सामने आई है कि हरमनदीप अपने साथियों और शहजाद भट्टी के विदेशी सहयोगियों के संपर्क में लगातार बना हुआ था। उसने यह दावा भी किया कि उसके कुछ साथी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे। वहीं, पाकिस्तान में मौजूद भट्टी के सहयोगियों ने भी इस घटना की साजिश रचने की जिम्मेदारी ली थी। कुल मिलाकर, दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : होर्मुज स्ट्रेट खुलेगा? डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- ‘मैं और अयातुल्लाह मिलकर…