दिल्ली(Delhi Police) के साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट से बड़ी खबर सामने आई है। साइबर पुलिस ने एक इन्वेस्टमेंट फ्रॉड गिरोह का खुलासा किया है और 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।
मामला 4 सितंबर 2025 का है, जब एनसीआरपी पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज हुई। शिकायतकर्ता, जो अरुणाचल प्रदेश का निवासी है और फिलहाल दिल्ली में रह रहा है, ने बताया कि उसे नेक्स्ट बिलियन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्जी कंपनी के जरिए शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया गया।
12 लाख 22 हजार 670 रुपये की ठगी
शिकायत के अनुसार, मुख्य आरोपी परिणीति जैन और उसके साथी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर पीड़ित को भारी मुनाफे का लालच दे रहे थे। इस झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 12,22,670 रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में पता चला कि पूरी कंपनी नकली थी और यह एक सुनियोजित ठगी थी।
साइबर पुलिस की विशेष कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए, साइबर थाना, साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट ने विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी सर्विलांस, मनी ट्रेल और डिजिटल एनालिसिस के जरिए आरोपियों की लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस की गई। इसके बाद महाराष्ट्र के श्रीरामपुर में छापा मारकर मुख्य आरोपी श्रीधर दिलीप इंगले को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिसके आधार पर अन्य 4 आरोपी अर्चिर्यान कांबले, अजीज शेख, प्रणव गुलदगड़ और विशाल बछाल को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब पूरे गिरोह की कमाई और ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है।