रोहतक में देर रात यात्रियों ने ट्रेन रोकी, दिल्ली-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस को लोकल स्टेशनों पर रोकने की मांग

हरियाणा के रोहतक में मंगलवार रात को दिल्ली से कुरुक्षेत्र जाने वाली ट्रेन को यात्रियों ने रोक दिया। यात्रियों की मांग थी कि ट्रेन को लोकल स्टेशनों पर भी रोका जाए। ट्रेन एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। माहौल बिगड़ता देख रेलवे पुलिस को भी बुलाना पड़ा। पुलिस ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया ताकि ट्रैक खोल दे और ट्रेन चले। यात्रियों ने कहा कि दिल्ली से कुरुक्षेत्र जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को एक्सप्रेस कर दिया। जिसके कारण लोकल रूट पर वह नहीं रुकती। इसको दोबारा से पैसेंजर किया जाए। वहीं रद की गई ट्रेनों का संचालन भी किया जाए और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे द्वारा कदम उठाए जाने चाहिए।

यात्रियों ने कहा कि ट्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण करीब पांच गुना अधिक किराया देना पड़ता है। जहां ट्रेन में यात्रा का पास एक तरफ का 9 रुपए किराया पड़ता है। वहीं अगर प्राइवेट वाहनों या बसों में सफर किया जाता है तो उन्हें 50 रुपए अदा करने पड़ते हैं। इसलिए लोकल स्टेशन के यात्रियों को अधिक परेशानी होती है।