Khelo India: खेलो इंडिया का आज से आगाज, भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में होगा शुभारंभ

‘खेलो इंडिया’ का आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के टोपे स्टेडियम में शुभारम्भ होने जा रहा है बता दें कि इस बार ‘खेलो इंडिया’ की मेजबानी की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश को मिली है जिसके लिए भोपाल का तात्या टोपे स्टेडियम सज-धज कर तैयार है। खेलो इंडिया के तहत देश भर से छह हजार युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शाम सात बजे राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ‘खेलो इंडिया’ का शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक, मप्र खेल एवं कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, ओडिशा के स्पो‌र्ट्स एवं यूथ वेलफेयर मंत्री तुषार कांति बेहरा और अरुणाचल प्रदेश के खेल मंत्री मामा नटुंग भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मशहूर गायक शान और गायिका नीति मोहन नर्मदा अष्टक की प्रस्तुति देंगी। गौरतलब हो कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के थीम सांग को गायक शान ने ही अपनी आवाज दी है। साथ ही अभिलिप्सा पांडा द्वारा ‘हर हर शंभु’ और नटराज डांस ग्रुप की प्रस्तुति, प्रिंस डांस ग्रुप द्वारा जी-20 की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ पर शानदार डांस प्रस्तुति होगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के शुभारंभ कार्यक्रम में लेजर शो, आतिशबाजी की रंगारंग प्रस्तुति भी देखने को मिलेगी। खेलो इंडिया का आयोजन 13 दिनों तक चलेगा जिसमें कुल 27 खेल खेले जाएंगे। पहले दिन वॉलीबाल के मुकाबले से शुरुआत होगी।