भोजपुरी सिनेमा के चर्चित स्टार पवन सिंह(Pawan Singh) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहा तलाक का मामला अब अदालत तक पहुंच चुका है। इसी सिलसिले में बुधवार को पवन सिंह आरा सिविल कोर्ट में पेश हुए, लेकिन उनकी पत्नी सुनवाई के दौरान मौजूद नहीं रहीं।
तलाक को लेकर ज्योति सिंह ने रखी शर्तें
ज्योति सिंह की ओर से उनके वकील विष्णुधर पांडेय ने बताया कि तलाक के लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं। उनके मुताबिक, अगर पवन सिंह अलग होना चाहते हैं तो उन्हें 10 करोड़ रुपये एलिमनी के रूप में देने होंगे।
इसके अलावा एक घर और केस के दौरान हर महीने खर्च देने की भी मांग की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले 11 फरवरी को ज्योति सिंह कोर्ट पहुंची थीं, जहां वे पारंपरिक अंदाज में साड़ी और सिंदूर में नजर आई थीं, जबकि उस दिन पवन सिंह अनुपस्थित रहे थे।
क्या पवन सिंह का पक्ष ?
पवन सिंह की ओर से उनके वकील सुमन कुमार ने अदालत में कहा कि अभिनेता अब इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। उनके अनुसार, साथ रहना संभव नहीं है, लेकिन अगर एकमुश्त समझौते (वन-टाइम सेटलमेंट) की बात होती है तो पवन सिंह इसके लिए तैयार हैं। हालांकि, पिछली सुनवाई में दोनों पक्ष आमने-सामने नहीं आए, इसलिए किसी निष्कर्ष पर चर्चा नहीं हो सकी। अगली तारीख पर दोनों की मौजूदगी में इस पर आगे बात हो सकती है।
ज्योति से कब हुई थी पवन सिंह की शादी ?
ज्योति सिंह, पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह थीं, जिनका 2015 में निधन हो गया था। इसके बाद पवन सिंह ने 7 मार्च 2018 को ज्योति सिंह से शादी की थी। उस समय यह शादी काफी चर्चा में रही थी, लेकिन अब दोनों के रिश्तों में खटास साफ नजर आ रही है।
कितनी है पवन सिंह की नेटवर्थ ?
पवन सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उनके गाने और फिल्में अक्सर हिट रहती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 16.75 करोड़ रुपये बताई जाती है, जिसमें चल और अचल दोनों तरह की संपत्तियां शामिल हैं। एक फिल्म के लिए वे करीब 40 से 50 लाख रुपये तक फीस लेते हैं और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं।