सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में सिंगापुर और जापान की चार दिवसीय सफल यात्रा पूरी की है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना और वैश्विक कंपनियों को राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए आकर्षित करना था। यात्रा के दौरान उन्होंने कई प्रतिष्ठित कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों और निवेशकों से मुलाकात कर प्रदेश की औद्योगिक नीतियों और संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया।
90 हजार करोड़ रुपये के MOU पर किए हस्ताक्षर
दौरे के समापन पर मुख्यमंत्री ने जानकारी दी और कहा कि जापान में विभिन्न कंपनियों के साथ लगभग 90 हजार करोड़ रुपये के MOU समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अतिरिक्त करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए। वहीं सिंगापुर में 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए और लगभग एक लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए। कुल मिलाकर इस चार दिवसीय दौरे में ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश को मिले हैं।
भविष्य की टेक्निकल इंडस्ट्री को मिला बढ़ावा
इस यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जापान के यामानाशी प्रांत के साथ ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर हुआ समझौता रहा। इस करार के तहत उत्तर प्रदेश के छात्र जापान जाकर अत्याधुनिक ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वे इस तकनीकी ज्ञान का उपयोग भविष्य में टेक्निकल इंडस्ट्री, सार्वजनिक परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र में कर सकेंगे। इससे प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत तकनीक को बढ़ावा मिलेगा।
CM योगी ने इन्वेस्टमेंट रोड शो में क्या कहा ?
यामानाशी में आयोजित यूपी इन्वेस्टमेंट रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक नीति, बेहतर कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल को वैश्विक उद्योग जगत के सामने प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपनी कार्यशैली को प्रतिक्रियात्मक (रिएक्टिव) से बदलकर सक्रिय (प्रोएक्टिव) बनाया है, और यही बदलाव राज्य की तेज आर्थिक प्रगति का आधार है।
प्रदेश सरकार ने बजट में रोबोटिक्स के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की भी व्यवस्था की है, जिससे तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को मजबूती मिलेगी। यूपी और जापान के बीच बढ़ता सहयोग भारत-जापान संबंधों को भी नई दिशा देगा। सरकार निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को बेहतर सुविधाएं देने, नई तकनीकों को अपनाने और वैश्विक साझेदारी मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
5 लाख से ज्यादा रोजगार के मिलेंगे अवसर
इन MOU और निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने के बाद प्रदेश में पांच लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। जापान और सिंगापुर से मिले निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश को औद्योगिक और तकनीकी दृष्टि से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही, इन्वेस्ट यूपी में जापान डेस्क को और सशक्त बनाने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि दोनों देशों के बीच निवेश और सहयोग को और गति मिल सके।