जम्मू-कश्मीर(Jammu Kashmir) के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में सुरक्षाबलों ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। ‘ऑपरेशन डिग्गी-2’ (OP DIGGI-2) के तहत चलाए गए संयुक्त अभियान में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया।
पुलिस और सेना ने की संयुक्त घेराबंदी
पुलिस से मिली पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर 14 और 15 मार्च 2026 की रात उरी सेक्टर के बुच्छर इलाके में सेना और पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि घने जंगलों की आड़ लेकर आतंकियों ने सीमा पार से घुसपैठ करने की कोशिश की थी, लेकिन सतर्क सुरक्षाबलों ने समय रहते उनकी गतिविधियों को भांप लिया।
मारा गया पाकिस्तानी आतंकी
जब जवानों ने संदिग्ध को रुकने के लिए ललकारा, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी आतंकी मारा गया। मुठभेड़ के बाद मौके से एक एके राइफल, एक पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस सहित अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के इरादे से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास कहीं और आतंकवादी छिपे न हों।