HomeCurrent Newsजालंधर में डॉक्टर के घर हुई जोरदार फायरिंग, विदेश से मिला टारगेट

जालंधर में डॉक्टर के घर हुई जोरदार फायरिंग, विदेश से मिला टारगेट

जालंधर(Jalandhar) कमिश्नरेट पुलिस ने संतोखपुरा इलाके में पशुपालन विभाग के डॉक्टर यशपाल के घर पर की गई अंधाधुंध फायरिंग की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को बटाला से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दोनों पिस्तौलें, घटना में प्रयुक्त बाइक और फायरिंग का वीडियो बनाने वाला मोबाइल फोन भी बरामद किया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है।

बाइक पर धार्मिक झंडे लगाकर भागे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार जालंधर(Jalandhar) में हुई इस घटना के बाद पुलिस की कई टीमें CCTV फुटेज खंगालते हुए करतारपुर, सुभानपुर, ब्यास, रईया और बाबा बकाला के गांव तरसिक्का तक पहुंचीं। बताया जा रहा है कि आरोपी बाइक पर धार्मिक झंडे लगाकर भागे थे, ताकि नाकों पर उन्हें श्रद्धालु समझकर रोका न जाए। ब्यास टोल प्लाजा के कैमरों में उनकी तस्वीरें कैद हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बटाला में उनके ठिकाने का पता लगाया और सोमवार देर रात दोनों को दबोच लिया।

आरोपियों से पुलिस कर रही पूछताछ

सूत्रों का दावा है कि आरोपियों को विदेश में बैठे किसी शख्स ने डॉक्टर के घर फायरिंग करने का टारगेट दिया था। सौदा कितनी रकम में तय हुआ, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस को शक है कि आरोपियों के पास अन्य हथियार भी हो सकते हैं, इसलिए उनसे गहन पूछताछ जारी है। इस संबंध में डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने केवल इतना कहा कि जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल

शुक्रवार देर रात करीब 1:45 बजे दो बाइक सवार बदमाश डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर रुके और उनकी कार व मकान पर करीब दस राउंड गोलियां चलाईं। एक आरोपी फायरिंग कर रहा था, जबकि दूसरा पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

थाना नंबर 8 में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच में इसे रंगदारी से जोड़कर देखा गया, लेकिन डॉक्टर को किसी तरह की फिरौती कॉल नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपियों से पूछताछ में और बड़े खुलासे संभव हैं।

यह भी पढ़ें : अफगानिस्तान-पाकिस्तान युद्ध के बीच भारतीय वायुसेना के एक मैसेज ने बढ़ाई…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments