ISRO की मिशन सूर्य की तैयारी हुई पूरी, 2 सितंबर को लॉन्च होगा Aditya-L1

चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद इसरो अपना पहला सूर्य मिशन मिशन लॉन्च करने के लिए पूरी तरह से तैयार है जिसके लिए इसरो ने पहले सूर्य मिशन यानी Aditya-L1 मिशन के लॉन्च की सारी तैयारियां पूरी कर ली है।

इस पहले सोलर मिशन के लिए इसरो का भरोसेमंद रॉकेट PSLV-C57 लॉन्च पैड पर पहुंच चुका है इस मिशन के लिए 30 अगस्त को रिहर्सल भी पूरा हो चुका है। रॉकेट के सभी अंदरूनी हिस्सों की जांच कर ली गई है, रॉकेट की सेहत पूरी तरह से ठीक है।

बता दें कि भारत का पहला सूर्य मिशन 2 सितंबर 2023 की सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा।

अहमदाबाद के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के निदेशक नीलेश देसाई ने (आज) गुरुवार को कहा कि विज़िबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ (वीईएलसी) इसरो के आदित्य-एल वन मिशन के मुख्य पेलोड में से एक है।

उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर, सात पेलोड हैं जिनमें एक मुख्य पेलोड शामिल है जिसे वीईएलसी (विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ) कहा जाता है। एक और अनोखी बात ये है कि ये पेलोड न केवल भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान ने तैयार किए हैं, जिसने मुख्य पेलोड बनाया है बल्कि छह दूसरे पेलोड वितरित करने के लिए अन्य छोटे संस्थानों को भी शामिल किया गया है। ये इस विशेष मिशन की खासियत है।”