जम्मू-कश्मीर(Jammu and Kashmir) के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने के बाद भारतीय सेना ने एहतियातन फायरिंग की। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, ड्रोन को डिगवार सेक्टर में एलओसी के नजदीक कुछ समय तक मंडराते हुए देखा गया, जिसके बाद सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन राउंड दागे।
एयरड्रॉप की आशंका पर की गई फायरिंग
सूत्रों का कहना है कि ड्रोन की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं, जिससे संभावित घुसपैठ या किसी एयरड्रॉप की आशंका को देखते हुए फायरिंग की गई। फायरिंग के बाद ड्रोन के गिरने या वापस लौटने को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सेना और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इससे एक दिन पहले भी पुंछ के गुलपुर सेक्टर में एलओसी पर एक मानव रहित विमान (यूएवी) देखा गया था। अधिकारियों के अनुसार, उस पर भी सेना ने कुछ राउंड फायर किए थे, लेकिन उसे मार गिराया नहीं जा सका। बाद में वह ड्रोन गुलपुर के सिरियां गांव की दिशा में बढ़ता हुआ नियंत्रण रेखा के पार चला गया।
सेना का तलाशी अभियान जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि ड्रोन के माध्यम से हथियार या मादक पदार्थ गिराए जाने की कोशिश की जा सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया है, ताकि किसी संभावित एयरड्रॉप की पुष्टि की जा सके।
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने संयुक्त अभियान में आरएस पुरा सेक्टर के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से ड्रोन द्वारा गिराई गई करीब 6 किलोग्राम नारकोटिक्स जब्त की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये बताई गई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसी किसी भी कोशिश का कड़ा जवाब दिया जाएगा।