ईरान और पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने वहां मौजूद अपने नागरिकों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक नई एडवाइजरी जारी करते हुए ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने की अपील की है। यह सलाह ऐसे समय में दी गई है, जब आने वाले दिनों में अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है।
एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय चाहे वे छात्र हों, तीर्थयात्री, कारोबारी, पर्यटक या अन्य किसी उद्देश्य से वहां गए हों, उन्हें जल्द से जल्द उपलब्ध किसी भी सुरक्षित माध्यम से ईरान से बाहर निकल जाना चाहिए। दूतावास ने नागरिकों को कमर्शियल फ्लाइट्स या किसी अन्य सुरक्षित परिवहन विकल्प का उपयोग करने की सलाह दी है।
भारत सरकार ने अपनी 14 जनवरी 2026 को जारी की गई एडवाइजरी को भी दोहराया है, जिसमें नागरिकों से कहा गया था कि वे किसी भी तरह के प्रदर्शन, भीड़भाड़ वाले इलाकों और असुरक्षित स्थानों से दूर रहें। साथ ही स्थानीय मीडिया के जरिए हालात पर नजर बनाए रखें और भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में रहें।
दूतावास ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी भारतीय नागरिक अपने पासपोर्ट, वीज़ा और अन्य पहचान पत्र हर समय अपने साथ रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत निकासी या यात्रा की प्रक्रिया पूरी की जा सके। किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
आपातकालीन सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने चार हेल्पलाइन नंबर और एक ईमेल आईडी भी जारी की है:
+989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359
Email: cons.tehran@mea.gov.in
इसके अलावा, दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने विवरण के साथ दूतावास में रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनसे तुरंत संपर्क किया जा सके। मौजूदा हालात को देखते हुए भारत सरकार ने नागरिकों से सतर्क रहने और जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।


