PNG New Connection: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बड़े कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में देशभर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन तेजी से बढ़ाए जा रहे हैं। मार्च महीने में ही 2.9 लाख से अधिक नए PNG कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे एलपीजी पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है।
LPG छोड़ PNG अपनाने का ट्रेंड
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव नीरज मित्तल ने जानकारी दी कि 25 मार्च तक 6000 PNG उपभोक्ताओं ने अपने LPG कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं। उन्होंने ऐसे उपभोक्ताओं की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी अपील की कि जिनके पास PNG की सुविधा है, वे LPG कनेक्शन छोड़ दें, ताकि सिलेंडर उन जरूरतमंदों तक पहुंच सकें, जिन्हें अभी यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। सरकार ने इसके लिए ‘MyPNGD’ पोर्टल के जरिए प्रक्रिया को आसान भी बनाया है।
होटल-ढाबों को PNG से जोड़ने पर जोर
सरकार विशेष रूप से होटल, ढाबों और कैंटीन जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को PNG से जोड़ने पर फोकस कर रही है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए LPG की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता
सरकार ने साफ किया है कि देशभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। साथ ही, ईंधन की कीमतों में राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी भी घटाई गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में खरीदारी न करें और अफवाहों से दूर रहें।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
ऊर्जा संकट की आशंका के बीच कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने देशभर में 2900 से अधिक छापेमारी की है। इस दौरान 1000 से ज्यादा गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 480 LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स को नोटिस जारी किए गए हैं।
विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा प्राथमिकता
सरकार ने यह भी बताया कि विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभिन्न देशों में भारतीय दूतावास 24×7 सहायता प्रदान कर रहे हैं। अब तक 5.24 लाख भारतीय पश्चिम एशिया से सुरक्षित लौट चुके हैं। जरूरतमंदों को वीजा, यात्रा और अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस पूरी स्थिति में सरकार एक ओर ऊर्जा आपूर्ति को संतुलित करने पर ध्यान दे रही है, वहीं दूसरी ओर नागरिकों से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील भी कर रही है।
Read More:
क्यों जल्दी डिस्चार्ज हो जाता है पावर बैंक? 90% लोग करते हैं ये गलती! वजह जानकर बदल देंगे अपनी आदत

