‘मुझे पूरा विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश की जनता Congress का समर्थन करेगी’: प्रियंका गांधी

हिमाचल प्रदेश में एक साथ होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि आगामी चुनावों में हिमाचल की जनता कांग्रेस का समर्थन करेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं से मिली। उनकी एकजुटता, मेहनत एवं मजबूती से चुनाव लड़ने के जज्बे और जनता के प्रति उनके समर्पण पर मुझे गर्व है।’’

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में एक जून को लोकसभा चुनाव के साथ छह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होंगे। बागी कांग्रेस विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव कराने जरूरी हो गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा सीट हमीरपुर, मंडी, शिमला और कांगड़ा हैं। भाजपा ने 2019 में सभी चार सीट पर जीत हासिल की थी। बाद में, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने तत्कालीन सांसद राम स्वरूप शर्मा के निधन के बाद 2021 में हुए उपचुनाव में मंडी सीट भाजपा के प्रत्याशी को हराकर जीत ली थी।

गौरतलब हो कि प्रियंका गांधी 2022 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान का चेहरा थीं।