छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित जेईई मेन परीक्षा 2026 के दौरान नकल का एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक छात्र ने परीक्षा में नकल करने के लिए अपनी चप्पल के तलवे में मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया। उसे लगा कि वह सुरक्षा जांच को चकमा देकर देश की कठिन परीक्षाओं में से एक को जुगाड़ से पास कर लेगा, लेकिन उसकी चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और परीक्षा खत्म होने से पहले ही वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
मेटल डिटेक्टर से बचने के लिए अपनाई अनोखी तरकीब
आरोपी छात्र की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह करीब 8:25 बजे जब वह पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज (आईओन डिजिटल जोन) परीक्षा केंद्र पहुंचा, तो उसने पहले से ही पूरी योजना बना रखी थी। मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर की जांच से बचने के लिए उसने चालाकी से अपनी चप्पलें उतार दीं और नंगे पैर जांच कराकर अंदर प्रवेश कर गया। इस तरह वह लैब नंबर 12ए में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया और परीक्षा देने लगा।
वॉशरूम ब्रेक के बाद चाल ने बढ़ाया शक
परीक्षा शुरू होने के करीब दो घंटे बाद, सुबह लगभग 11:08 बजे आदित्य ने वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी। वह करीब 20 मिनट तक बाहर रहा और 11:28 बजे वापस लौटा। इस दौरान सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसे फिर से जांच के लिए रोका। छात्र ने यहां भी वही तरीका अपनाया और जांच से पहले चप्पलें उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
चप्पल घसीटकर चलने से खुला राज
जांच के बाद जैसे ही आदित्य ने दोबारा चप्पलें पहनीं और लैब की ओर बढ़ने लगा, उसकी चाल ने ही उसे पकड़वा दिया। वह चप्पल को जमीन पर घसीटकर असामान्य तरीके से चल रहा था, जिसे देखकर गार्ड को शक हुआ। गार्ड ने तुरंत छात्र को रोका और उसकी चप्पलों की बारीकी से तलाशी ली। तलवे को दबाकर देखने पर पता चला कि चप्पल को बीच से काटकर उसमें मोबाइल रखने की विशेष जगह बनाई गई थी, जिसमें मोबाइल पूरी तरह फिट था और ऊपर से देखने पर कोई अंदाजा नहीं लग रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरोह की भी जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर ने तुरंत संबंधित अधिकारियों और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को सूचित किया। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल जब्त कर लिया और आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ ‘छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम’ के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस नकल के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं था।
READ MORE: भारतीय गन्ने का रस अब यूरोप में बना ‘स्टार ड्रिंक’, कीमत सुनकर चौंक जाएंगे आप

