मध्य प्रदेश में मतगणना केंद्रों के बाहर भारी सुरक्षा, शुरू हो चुकी है काउंटिंग

मध्य प्रदेश में मतगणना केंद्रों के बाहर भारी सुरक्षा, शुरू हो चुकी है काउंटिंग

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुका है और अब चुनावी परिणाम का सभी को बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, भाजपा-कांग्रेस अपनी-अपनी जीत का दावे कर रही हैं। लेकिन दोपहर बाद तक तस्वीर एकदम साफ हो जाएगी कि राज्य में किसका परचम लहरा रहा है।

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान हुआ था। जबकि रविवार यानी आज चुनावी नतीजे सामने आएंगे। ऐसे में सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू हो चुकी है। सबसे पहले डाक मत्रपत्र की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम खुलेगी।

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी के कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। मध्य प्रदेश सहित चारों राज्यों में काउंटिंग शुरू होने से पहले कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ता जश्न मनाते दिखे हैं।

कांग्रेस कार्यालय के बाहर बधाई वाले बैनर भी लग गए हैं। भोपाल में कांग्रेस पार्टी कार्यालय के बाहर बधाई बैनर लगा दिए गए हैं। कार्यालय के बाहर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ को बधाई देने वाले बैनर दिखाई दे रहे हैं।

भोपाल जिला जेल स्थित मतगणना स्थल पर 8 बजे 7 विधानसभा क्षेत्र के डाक मत पत्रों की मतगणना शुरू हो गई है। इससे पहले मुख्य द्वार पर अभिकर्ताओं की लाइन लगी हुई है।

विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने मतगणना का आंखों देखा हाल देखने के लिए शहर के चौराहों में बड़ी स्क्रीन लगवाई है।

यह बड़ी स्क्रीन शहर के हृदय स्थल सिविक सेंटर पार्क और छोटी लाइन फाटक चौराहे के पास लगवाई गई है। जिसमें सुबह 8 बजे से मतगणना स्थल का सीधा प्रसारण शुरू हो गया है।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हम राज्य में 125-150 सीटें जीतेंगे। बीजेपी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। अब बस कुछ घंटों की बात है। नतीजे सबके सामने होंगें।

कांग्रेस के दिल्ली मुख्यालय के बाहर बजरंग बली के गेटअप में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता ने जमकर जय श्रीराम के नारे लगाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सच्चाई की जीत होगी।

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने देखा है पिछले सत्र में भाजपा ने विधायकों की मंडी लगाई थी। हर तरह के हथकंडे के साथ भाजपा ने देश में ताडंव मचाया है।

भाजपा उम्मीदवार रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आशीर्वाद की बौछार होगी। चौतरफा कमल खिलेंगे। कांग्रेस ने अपनी 62 साल की राजनीति में लोगों को क्या दिया है?

मध्य प्रदेश मेडिकल एजुकेशन मिनिस्टर विश्वास सारंग का कहना है कि हम भारी बहुमत से जीतेंगे। बीजेपी को 150 से ज्यादा सीटें मिलेंगी और सरकार बनेगी।

वोटों की गिनती पर भाजपा नेता अरविंद सिंह भदोरिया ने कहा कि जनता की कृपा से मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने वाली है।

जनता के हितों के साथ अगर कोई खड़े रहे हैं, तो वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। कांग्रेस के दावे खोखले हैं। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को डूबोने का काम किया है।