Haryana’s Yamunanagar Fire Accident: यमुनानगर में गुरुवार (9 अप्रैल) को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद लगी आग में सात बच्चों समेत कुल 11 लोग झुलस गए। घटना के बाद इलाके में कई तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सलेमपुर बंगर इलाके में स्थित एक आवासीय क्वार्टर में हुआ, जहां प्रवासी मजदूर रहते हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी और कमरे की दीवारें तक ढह गईं। दीवार गिरने से कमरे में मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे में 11 लोग घायल
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें सात बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए PGIMER चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
गैस भरते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान गैस लीक होकर पूरे कमरे में फैल गई। हैरानी की बात यह रही कि उसी समय घर में चूल्हा जल रहा था, जिससे लीक गैस ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
धमाकों से गिरीं दीवारें
आग लगने के बाद लगातार धमाके हुए, जिससे आसपास के तीन क्वार्टर प्रभावित हुए। दो दीवारें गिर गईं, जबकि आसपास के कई मकानों में दरारें पड़ने की खबर है। कुछ घरों के लेंटर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना के बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। प्रशासन और स्थानीय अधिकारी भी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। फिलहाल आग को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने की कोशिश जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
Read More:
दिल्ली में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 20 से ज्यादा IAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर

