ग्रेटर नोएडा स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल बेचे जाने का मामला सामने आया। पेट्रोल में पानी मिलने की जानकारी मिलते ही पंप पर अफरा-तफरी मच गई। लोग नाराजगी जाहिर करते हुए नारेबाजी करने लगे। कई वाहन चालकों की गाड़ियां अचानक खराब हो गईं, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया।
कई लोगों की गाड़ियां खराब
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च की रात कंपनी से पेट्रोल लेकर आया एक टैंकर तेज बारिश के दौरान पंप परिसर में दीवार से टकरा गया। टक्कर के कारण टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें पानी प्रवेश कर गया। हालांकि टैंकर की क्षति की जानकारी होने के बावजूद पंप के कर्मचारी पेट्रोल को भंडारण टैंक में खाली करवा दिए। इस कारण पानी मिला पेट्रोल सीधे ग्राहकों को दिया जाने लगा।
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पेट्रोल भरवाने के बाद कई लोगों की गाड़ियां खराब हो गईं। कुछ वाहन चालकों ने इंजन बंद होना, स्टार्टिंग में समस्या और माइलेज कम होने की शिकायत की। संदेह होने पर स्थानीय स्तर पर जांच की गई, जिसमें पेट्रोल में पानी मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रभावित लोगों ने संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज कराई।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
शिकायत मिलने के बाद बाट मापतौल विभाग और जिला पूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पेट्रोल पंप से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
जिला प्रभारी पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि मामले की जानकारी जिलाधिकारी मेधा रूपम को दे दी गई है। कंपनी से जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित वाहन चालकों को उचित मुआवजा दिलाने और पेट्रोल की कीमत लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि किसी वाहन में पेट्रोल भरवाने के बाद समस्या आती है तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
READ MORE: प्रिंस यादव और मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी से SRH का टॉप ऑर्डर हुआ बर्बाद

