पूर्व विधायक अर्जुन सिंह गुर्जर और भाजपा नेता भूमि सिंह राणा कांग्रेस में शामिल

पूर्व विधायक अर्जुन सिंह गुर्जर और भाजपा नेता भूमि सिंह राणा कांग्रेस में शामिल

हरियाणा कांग्रेस में दो बड़े नेताओं की एंट्री हुई है। जगाधरी से पूर्व विधायक और जननायक जनता पार्टी के उपाध्यक्ष व यमुनानगर ईकाई के अध्यक्ष रहे अर्जुन सिंह गुर्जर ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके साथ भाजपा नेता भूम सिंह राणा ने भी आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। राणा हजकां की टिकट पर दो बार नारायणगढ़ से चुनाव भी लड़ चुके हैं।

दोनों नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में पार्टी ज्वाइन की। हुड्डा व उदयभान ने दोनों का कांग्रेस में स्वागत किया और पार्टी में पूर्व मान-सम्मान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि पार्टी का कुनबा लगातार विस्तार ले रहा है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और जनता बदलाव के मूड में है।

युवाओं को बेरोजगार बनाने की है भाजपा की नीति

‘इंडिया एंप्लायमेंट रिपोर्ट 2024’ पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार युवाओं को बेरोजगार, अशिक्षित, अकुशल, नशेड़ी और अपराधी बनाने की नीति पर आगे बढ़ रही है। अपने भविष्य को इस सरकार के चंगुल से बचाने के लिए युवा पलायन करने को मजबूर हैं। ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि हरियाणा के 55% पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में हरियाणा छोड़कर पलायन कर चुके हैं।

हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में बढ़ रही बेरोजगारी ने भयावय रूप ले लिया है। लेकिन सत्ता में बैठी भाजपा-जजपा एक के बाद एक घोटालों को अंजाम देने में ही व्यस्त रहीं। बेरोजगारी को लेकर आई ताजा रिपोर्ट इसी बात की तस्दीक कर रही है। मानव विकास संस्थान यानी आइएचडी के साथ मिल कर अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन यानी आइएलओ ने इस रिपोर्ट को जारी किया है।

31 को दिल्ली में लोकतंत्र बचाओ रैली

पत्रकारों को संबोधित करते हुए चौधरी उदयभान ने कहा कि 31 तारीख को दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ रैली होने जा रही है। इंडिया गठबंधन के आह्वान पर होने वाली इस रैली में हरियाणा से 25000 लोग शिरकत करेंगे। बीजेपी सरकार कि लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता संघर्ष का बिगुल फूंकेगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पास हर लोकसभा क्षेत्र में मजबूत उम्मीदवार हैं, जिनके नाम का ऐलान जल्द हो जाएगा। जेजेपी या इनेलो के चुनाव लड़ने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। क्योंकि जनता समझ चुकी है कि ये दोनों पार्टियां भाजपा के ही पाले में खेल रही हैं। विपक्षी की वोट काटने की रणनीति कामयाब नहीं हो पाएगी।