पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में 5.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को 5.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अब तक किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।

पाकिस्तान के मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप का केंद्र क्वेटा से 150 किलोमीटर दूर उत्तर पश्चिम में 35 किलोमीटर की गहराई में था। जानकारी के मुताबिक, बलूचिस्तान में आए भूकंप से राजधानी क्वेटा, नोशकी, चागी, चमन, किला अब्दुल्ला, दलबादीन, पिशिन और प्रांत के कुछ अन्य इलाके भी प्रभावित हुए हैं।

पाकिस्तान के मौसम विभाग ने बताया कि भूकंप के झटके पाकिस्तान-ईरान सीमा क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने बलूचिस्तान के किसी भी क्षेत्र से किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं दी है।

बता दें कि, अतीत में बलूचिस्तान प्रांत कई बार अधिक तीव्रता वाले भूकंप की विभीषिका का सामना कर चुका है। इसके परिणामस्वरूप कई लोगों की मृत्यु हुई, कई घायल हुए और इमारतों और घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा था।