Dhurandhar 2 Release: देश की सुपरहिट फिल्म धुरंधर का आज दूसरा पार्ट धुरंधर 2 सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है और फिल्म को देखने के लिए पल-पल बेचैन हुए लोगों का लंबा इंतजार भी खत्म हो जाएगा। दिसंबर 2025 में आई धुरंधर के तुरंत बाद मेकर्स ने इसके सीक्वल की घोषणा कर दी थी। खास बात यह है कि यह फिल्म महज साढ़े तीन महीने के अंतराल पर रिलीज हो रही है, जिस वजह से फिल्म दर्शकों के बीच ज्यादा फेमस हो रही है। इस फिल्म का फैंस को लंबे समय से इंतजार था, क्योंकि पहली फिल्म में कई सवाल ऐसे छोड़ दिए गए थे जिनका जवाब अब दूसरे पार्ट में दिया जायेगा।
फिल्म में खुलेगा हमजा अली का राज
फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने कहानी को वहीं से आगे बढ़ाया है, जहां पिछली फिल्म खत्म हुई थी। पहली फिल्म में रणवीर सिंह का किरदार हमजा अली मजारी के नाम से सामने आया था, लेकिन अंत में पता चलता है कि उसका असली नाम जसकीरत सिंह रांगी है। सीक्वल में इसी किरदार की असली कहानी और उसके अतीत के राज खुलने की उम्मीद लगाई जा रही है। ट्रेलर में जो संकेत दिए गए हैं उनसे साफ है कि जसकीरत का अतीत 90 के दशक के पंजाब की हिंसा से जुड़ा हो सकता है, जिसने उसे एक खतरनाक मिशन के लिए तैयार किया।
हमजा के सत्ता तक पहुंचने के सफर पर होगा फोकस
इस बार कहानी का फोकस हमजा के सत्ता तक पहुंचने के सफर पर भी रहेगा। पहली फिल्म में वह पर्दे के पीछे से खेलता दिखा था, लेकिन अब रहमान डकैत के खत्म होने के बाद उसका लक्ष्य ‘किंग ऑफ ल्यारी’ बनना है। इस रास्ते में उसे कई दुश्मनों का सामना करना होगा, जिनमें उजैर बलोच, अरशद पप्पू और मेजर इकबाल जैसे किरदार शामिल हैं।
‘बड़े साहब’ का खुल सकता है राज
फिल्म का एक और बड़ा किरदार ‘बड़े साहब’ का है, जिसकी पहचान पहली फिल्म में रहस्य बनी रही। सीक्वल में इस किरदार का खुलासा होने की उम्मीद है, जो कहानी को एक नई दिशा दे सकता है। वहीं, यलीना का किरदार भी दर्शकों की उत्सुकता को बढ़ा रहा है। पहली फिल्म में उसके साथ हुई घटना के बाद यह सवाल लोगों के दिमाग में घूम रहा है कि वह आगे हमजा के साथ या उसके खिलाफ खड़ी होगी।
मेजर इकबाल और हमजा के बीच होगी सीधी टक्कर
मेजर इकबाल और हमजा के बीच सीधी टक्कर भी इस बार कहानी का अहम हिस्सा होगी। अर्जुन रामपाल द्वारा निभाया गया यह किरदार पहले ही अपने क्रूर अंदाज से चर्चा में रहा है और सीक्वल में उसे मुख्य विलेन के रूप में दिखाया जाएगा। ट्रेलर में दोनों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिल चुकी है।
धुरंधर 2 का उरी से क्या है कनेक्शन?
कुछ अफवाहों के अनुसार बहुत से लोग इस फिल्म का कनेक्शन उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक से भी बता रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों फिल्मों का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, ऐसे में दर्शक यह उम्मीद कर रहे हैं कि इन कहानियों के बीच कोई कड़ी जुड़ सकती है। कुछ रिपोर्ट्स में विक्की कौशल और यामी गौतम के कैमियो की भी चर्चा है।
रिलीज से पहले आदित्य धर की दर्शकों से खास अपील
रिलीज से पहले आदित्य धर ने दर्शकों से अपील की है कि वे फिल्म के स्पॉइलर साझा न करें और अंत तक क्रेडिट्स देखें। इससे संकेत मिलता है कि फिल्म में कुछ बड़े ट्विस्ट और सरप्राइज छिपे हो सकते हैं। अब देखना यह होगा कि फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।
Read More:

