एक समय था जब किसी फिल्म के लिए 100 करोड़ रुपये की कमाई ही बॉक्स ऑफिस सफलता का सबसे बड़ा पैमाना माना जाता था। आज भी यह माइलस्टोन बड़ी फिल्मों के लिए गर्व की बात होती है। लेकिन किसी फिल्म के लिए यह आंकड़ा केवल 24 घंटे में पार करना, यह शायद ही किसी ने कल्पना की होगी। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’(Dhurandhar 2) ने यह नामुमकिन को भी संभव कर दिखाया है।
1 घंटे में बिके 1 लाख से ज्यादा टिकट
फिल्म के प्रति दर्शकों का क्रेज पहले ही प्रीव्यू शोज से नजर आ गया। बुधवार को आयोजित प्रीव्यू में ही जनता ने फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स दिया और शाम के दो शोज में ही ‘धुरंधर 2’ ने 43 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया। गुरुवार को सुबह से ही टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर तहलका मचा हुआ था। इतना ही नहीं, दिन में एक समय तो फिल्म ने केवल एक घंटे में एक लाख से अधिक टिकट बेचकर ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ डाला।
कहां तक पहुंचा धुरंधर 2 का नेट कलेक्शन ?
बॉक्स ऑफिस मीटर की लेटेस्ट रीडिंग के मुताबिक, फिल्म ने 65 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। प्रीव्यू शोज और फर्स्ट डे की कमाई मिलाकर ‘धुरंधर 2’ का कुल नेट कलेक्शन 108 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इसे हिंदी सिनेमा में अब तक किसी भी फिल्म ने पहले दिन प्रीव्यू के साथ मिलाकर नहीं किया था। इससे पहले ‘पुष्पा 2’, ‘जवान’, ‘पठान’, ‘एनिमल’, ‘स्त्री 2’ और ‘KGF 2’ जैसी बड़ी फिल्में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने में कम से कम दो दिन लेती थीं।
लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने यह रिकॉर्ड केवल ओपनिंग डे और प्रीव्यू शोज से ही तोड़ दिया है। रणवीर सिंह की इस फिल्म के लिए दर्शकों का उत्साह इतना जबरदस्त है कि आने वाले दिनों में बड़े-बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स भी छोटे लगने वाले हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर 2’ अपनी इस धमाकेदार शुरुआत के बाद आगे किन नए कीर्तिमान स्थापित करती है।