मुंबई में आयोजित एक अवॉर्ड समारोह के दौरान भावनाओं से भरा एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। अभिनेता बॉबी देओल अपने दिवंगत पिता और हिंदी सिनेमा के दिग्गज धर्मेंद्र(Dharmendra) के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड लेने मंच पर पहुंचे। यह सम्मान स्वीकार करते वक्त बॉबी खुद को संभाल नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनका यह भावुक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रविवार को मुंबई में आयोजित चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 में धर्मेंद्र को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। यह सम्मान उनके शानदार फिल्मी करियर और भारतीय सिनेमा में अतुलनीय योगदान के लिए दिया गया। इस मौके पर जावेद अख्तर, रमेश सिप्पी और देवेंद्र फडणवीस ने मिलकर यह अवॉर्ड प्रदान किया। अवॉर्ड लेने जब बॉबी देओल मंच पर पहुंचे, तो उनके चेहरे पर गर्व और दुख दोनों साफ झलक रहे थे।
‘लोगों की आंखों में आज भी पापा का प्यार दिखता है’
बॉबी ने अपने भाषण में पिता को याद करते हुए कहा कि उन्हें आज भी लोगों की आंखों में अपने पिता के लिए वही प्यार दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र सिर्फ अपनी फिल्मों से ही नहीं, बल्कि अपने सादगी भरे स्वभाव और यहां तक कि सोशल मीडिया पर शेयर किए गए छोटे-छोटे वीडियो के जरिए भी लोगों के दिलों से जुड़े रहते थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा दूसरों को खुश देखना चाहते थे और मानते थे कि हर इंसान के भीतर कोई न कोई खास हुनर जरूर होता है, बस जरूरत है उस पर भरोसा करने की।
‘मैंने कभी नहीं सोचा था ऐसा दिन देखूंगा’
बॉबी ने अपने पिता के संघर्ष और लंबे फिल्मी सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में अच्छे-बुरे दोनों दौर देखे, लेकिन कभी हार नहीं मानी। यही वजह है कि आज भी लोग उन्हें दिल से याद करते हैं। भावुक होते हुए बॉबी ने कहा कि उन्हें जहां भी जाते हैं, वहां लोगों से जो प्यार मिलता है, वह उनके पिता की वजह से ही है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपने परिवार के लिए लोगों के दिलों में खास जगह बना दी थी।


