Delhi: हौज खास में वकील पर हमला करने वाले दो लोग गिरफ्तार-पुलिस

दक्षिणी दिल्ली के हौज खास में एक वकील के साथ मारपीट करने और उसकी कार में अपने वाहन से टक्कर मारने के आरोप में एक महिला कांस्टेबल ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

पुलिस ने बताया कि, आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी रविंदर सिंह (29) और दीपक (34) के रूप में हुई है। एक व्यक्ति ने शुक्रवार को पुलिस को सूचित किया कि वह एक सड़क दुर्घटना में शामिल था और दो लोगों ने उस पर हमला किया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वकील कर्मण्य सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने कार्यालय से आ रहे थे और जैसे ही उनकी कार जगन्नाथ मंदिर के पास पहुंची, एक अन्य वाहन ने उन्हें ओवरटेक किया और टक्कर मार दी।उन्होंने पुलिस को बताया कि दो लोग कार से बाहर आए, उन पर हमला किया और हौज खास गांव की ओर भाग गए।